आईपीएल सौदे की सीबीआई जांच हो : भाजपा (लीड-1)
नई दिल्ली, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को विदेश राज्य मंत्री शशि थरूर पर अपनी मित्र सुनंदा पुष्कर की खातिर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में एक सौदे के लिए पद का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री से उनको बर्खास्त करने को कहा है।
भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने आईपीएल के 1,530 करोड़ रुपये के उस सौदे की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की है, जिसमें थरूर ने परामर्शदाता की भूमिका निभाने और कोच्चि टीम की फ्रेंचाइजी हासिल करने वालों की मदद करने की बात कही थी।
थरूर की नजदीकी बताई जा रही पुष्कर की आईपीएल कोच्चि की टीम में 70 करोड़ रुपये की हिस्सेदारी है और भाजपा का आरोप है कि थरूर की नजदीकी होने के कारण उनको बिना भुगतान के यह हिस्सेदारी दी गई है।
प्रसाद ने एक संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों से कहा, "कोच्चि फ्रेंचाइजी ने आईपीएल को बताया है कि सुनंदा पुष्कर को मुफ्त में हिस्सेदारी दी गई है।"
उन्होंने कहा कि पुष्कर की एक महिला व्यापारी की पहचान नहीं है और उन्होंने स्वीकार किया कि क्रिकेट या कोच्चि फ्रें चाइजी की उन्होंने कोई सेवा नहीं की।
भाजपा नेता ने कहा कि निश्चित रूप से यह हिस्सेदारी शशि थरूर द्वारा कोच्चि फ्रेंचाइजी की सेवा के बदले दी गई है।
प्रसाद ने कहा कि ऐसा कार्य अनुपयुक्त और आपराधिक कृत्य है। थरूर ने एक मंत्री के रूप में अपनी शक्ति का दुरुपयोग किया है।
प्रसाद ने कहा कि भाजपा का स्पष्ट मानना है कि थरूर सरकार में बने नहीं रह सकते। प्रधानमंत्री को उनको बर्खास्त करना चाहिए और सौदे की एक आपराधिक जांच का आदेश देना चाहिए।
विवाद तब पैदा हुआ जब आईपीएल के कमिश्नर ललित मोदी ने एक सोशल नेटवर्किं ग साइट पर यह कहा कि मंत्री ने उनसे कोच्चि फ्रेंचाइजी के शेयरधारकों के नामों का खुलासा नहीं करने का आग्रह किया था। थरूर ने इससे इंकार किया और मोदी पर कोच्चि आईपीएल की फ्रेंचाइजी को विफल करने के अनैतिक प्रयास का आरोप लगाया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications