'संप्रग शासन में हिरासत में मौत की घटनाएं 41.66 प्रतिशत बढ़ीं'
नई दिल्ली, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। एक मानवाधिकार संगठन ने मंगलवार को कहा कि वर्ष 2004 में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के सत्ता में आने के बाद से देश में हिरासत में मौत की घटनाओं में 41.66 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
नई दिल्ली की संस्था, एशियन सेंटर फॉर ह्यूमन राइट्स (एसीएचआर) द्वारा मंगलवार को जारी 'टार्चर इन इंडिया 2010' नामक रिपोर्ट में कहा गया है कि वर्ष 2004-05 और 2007-08 के बीच संप्रग सरकार के शासनकाल में हिरासत में मौत की घटनाओं में 41.66 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि कारागार में हुई मौतों में 70.72 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है और पुलिस हिरासत में हुई मौतों में 12.60 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
एसीएचआर के निदेशक सुहास चाकमा ने कहा, "आम आदमी को ही मुख्यरूप से प्रताड़ित किया गया है और उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया है। लेकिन संप्रग सरकार आम आदमी के अधिकारों का उल्लंघन रोक पाने में विफल साबित हुई है।"
एसीएचआर की रिपोर्ट में कहा गया है कि संप्रग सरकार प्रताड़ना को रोक पाने में विफल साबित हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications