टेम्स नदी में उतरेगी केरल की सर्प नौका!
तिरूवनंतपुरम, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। केरल की मशहूर सर्प नौकाएं पुन्नामाडु झील में वार्षिक नौका दौड़ के लिए हजारों पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। अब यदि सब कुछ ठीक रहा तो इन 100 फीट लंबी नौकाओं में से एक 2012 के लंदन ओलंपिक के शुभारंभ समारोह के लिए एक परीक्षण के तौर पर टेम्स नदी में उतरेगी।
केरल की 120 नाविकों वाली इस विशाल और अनूठी नौका का नौ जून को एक समारोह में प्रदर्शन किया जाएगा। इस समारोह में ब्रिटेन की महारानी भी मौजूद रहेंगी।
राज्य खेल मंत्री एम. विजयकुमार ने बताया कि एक सांस्कृतिक संगठन 'केरलीयम' ने ओलंपिक के शुभारंभ समारोह में विश्वभर की अन्य नौकाओं के साथ इस सर्प नौका को नदी में उतारने का प्रस्ताव रखा था। इस संगठन में राज्यभर के कई सदस्यों के साथ ब्रिटेन सहित पूरी दुनिया से सदस्य हैं।
विजयकुमार ने आईएएनएस को बताया, "एक परीक्षण के तौर पर महत्वपूर्ण गणमान्य लोगों और महारानी के सामने इस नौका का प्रदर्शन होगा। उन्होंने हमसे संपर्क किया था और हमने अपनी ओर से प्रयास करने का फैसला लिया।"
उन्होंने कहा, "इसके लिए राज्य सरकार ने अपना सहयोग देने के लिए कहा है और खेल, उद्योग व पर्यटन मंत्रालयों ने इसमें आने वाले खर्च का एक हिस्सा वहन करने का फैसला किया है। हमने इसमें मदद के लिए केंद्रीय पर्यटन मंत्री को एक पत्र लिखा है। उनके पास संसाधन हैं और हमने अनुरोध किया है कि इस समारोह को अतुल्य भारत (पर्यटन) अभियान के तहत शामिल किया जाए। अब हमें उनके निर्णय का इंतजार है।"
इस समारोह के लिए काम कर रहे लोगों का कहना है कि सर्प नौका को यहां से लंदन पहुंचाने में 50 लाख रुपये का खर्च आएगा।
विजय कुमार ने कहा, "एक सर्प नौका की कीमत 30 लाख रुपये से अधिक होती है और इसके परिवहन में करीब 50 लाख रुपये का खर्च आएगा। हमने तय किया है कि परीक्षण सत्र पूरा होने के बाद हम यह नौका ब्रिटेन को उपहार में दे देंगे।"
यदि परीक्षण सफल रहा तो यह नौका 2012 के ओलंपिक के शुभारंभ समारोह में शामिल होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications