पोलैंड के दिवंगत राष्ट्रपति का अंतिम संस्कार रविवार को
मास्को, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। पोलैंड के दिवंगत राष्ट्रपति लेख काजिंस्की और उनकी पत्नी मारिया का अंतिम संस्कार रविवार को संपन्न होगा।
समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के अनुसार पोलैंड के राष्ट्रपति कार्यालय के उप प्रमुख जेसेक सासिन ने एक रेडियो स्टेशन से कहा, "श्रद्धांजलि समारोह शनिवार को आयोजित होगा और राष्ट्रपति और उनकी पत्नी को रविवार को दफनाया जाएगा।"
काजिंस्की दंपति के शव को शनिवार तक वारसा में रखा जाएगा जिससे लोग उनको श्रद्धांजलि दे सकें।
दुनिया के कई देशों के नेता काजिंस्की और उनकी पत्नी के अंतिम संस्कार में हिस्सा लेंगे।
पोलैंड के विदेश मंत्री रादोस्लाव सिकोरस्की ने एक रेडियो स्टेशन को बताया कि उन्हें दुनिया के अधिकांश देशों के प्रतिनिधियों के अंतिम संस्कार में आने की उम्मीद है।
सिकोरस्की ने कहा कि रूस के राष्ट्रपति दमित्रि मेदवेदेव अंतिम समारोह में शामिल होने के इच्छुक हैं।
पोलैंड के राष्ट्रपति को ले जा रहा सोवियत युग का टीयू-154 विमान पश्चिमी रूस के स्मोलेंस्क हवाई अड्डे पर शनिवार को उतरते समय घने कोहरे के कारण पेड़ों से टकरा कर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें काजिंस्की दंपति के साथ 94 अन्य लोगों की मौत हो गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications