मैं हूं मुख्य वार्ताकार : जयराम रमेश
नई दिल्ली, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। जलवायु परिवर्तन पर देश के मुख्य वार्ताकार श्याम सरन के पद छोड़ने के एक महीने बाद पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश ने मंगलवार को कहा है कि अंतर्राष्ट्रीय मंच पर जलवायु परिवर्तन वार्ता में देश का नेतृत्व वह स्वयं करेंगे।
रमेश ने यहां संवाददाताओं को बताया, "जलवायु परिवर्तन संबंधित बातचीत के लिए देश का मुख्य वार्ताकार मैं बनूंगा।"
जलवायु परिवर्तन पर प्रधानमंत्री के विशेष दूत श्याम सरन ने पिछले वर्ष कोपेनहेगन में भारत के रुख पर रमेश के साथ पैदा हुए मतभेदों के कारण 14 मार्च को अपना पद छोड़ दिया था।
रमेश ने कहा कि देश के पक्ष को आगे रखने के लिए जलवायु परिवर्तन पर पांच सदस्यीय अंतर मंत्रालयी दल पहले से मौजूद है।
पर्यावरण मंत्रालय के सचिव विजय शर्मा, अतिरिक्त सचिव जे.एम.मौस्कर, संयुक्त सचिव आर.आर.रश्मी और दो अन्य व्यक्ति इस दल के हिस्से हैं।
इस दल में दो पूर्व वार्ताकारों को शामिल नहीं किया गया है। ये दोनों पूर्व वार्ताकार हैं, पूर्व भारतीय राजनयिक चंद्रशेखर दासगुप्ता और पूर्व पर्यावरण सचिव प्रोदिप्तो घोष।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications