भीड़ की पुलिस से झड़प, बसें फूंकी
घटना जिले के बीबीनगर थाने की है, जहां पुलिस हिरासत से सलीमुद्दीन (28) के गायब होने की सूचना के बाद उसके परिजनों व सैकड़ों ग्रामीणों ने मंगलवार को थाने पहुंचकर पुलिसकर्मियों पर पथराव किया और चार सार्वजनिक बसों में आग लगी दी।
भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग कर हवाई फायरिंग की।
घटना के बाद इलाके में तनाव है, जिसे देखते हुए प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी) और पुलिस बल को तैनात किया गया है।
जिले के पुलिस अधीक्षक नीलेश कुमार ने संवाददाताओं से कहा कि स्थिति तनावपूर्ण लेकिन पूरी तरह से काबू में है।
सलीमुद्दीन के परिजनों का आरोप है कि चोरी के मामले में पुलिस ने पूछताछ के लिए उसे एक सप्ताह पहले हिरासत में लिया था। बाद में पुलिस ने हिरासत में ही उसकी हत्या कर शव को ठिकाने लगा दिया और अब वह अपनी गर्दन बचाने के लिए उसके भागने का नाटक रच रही है।
नीलेश कुमार का कहना है कि मामले की जांच के लिए एक टीम गठित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि अगर जांच में पाया गया कि सलीमुद्दीन को अवैध रूप से हिरासत में रखा गया था तो पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि सलीमुद्दीन का पता लगाने के लिए पुलिस टीमें बनाई गई हैं, जो उसकी तलाश कर रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications