श्रीनगर में सुरक्षाबलों के खिलाफ पत्थरबाजी
मंगलवार को श्रीनगर में दर्जनों युवक पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों से भिड़ गए। छह लोगों को सजा दिए जाने के विरोध में स्थानीय बाजार बंद रखे गए थे। बंद का आह्वान हुर्रियत कांफ्रेंस के अलगाववादी नेता सैयद अली गिलानी ने किया था।
बंद के दौरान ही शहर के मुख्य स्थल-लाल चौक के करीब स्थित मैसुमा चौक पर युवकों ने पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों को अपना निशाना बनाया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "पुलिस और सीआरपीएफ ने हमलवारों को खदेड़ने के लिए लाठियों और आंसूगैस का प्रयोग किया। यह घटना मंगलवार सुबह की है।"
बंद के दौरान कई महिलाएं भी सड़कों पर उतरी थीं। उन्हें एहतियात के तौर पर हिरासत में ले लिया गया। पुलिस और सीआरपीएफ ने एहतियात के तौर पर नवहट्टा, खानयार, एम.आर. गंज, रैनवारी और साफा कादल जैसे इलाकों में घेराबंदी कर दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications