श्रद्धालुओं का रेला कुम्भनगरी पहुंचने लगा
करीब 16 हजार से अधिक सुरक्षा बलों के जवान तैनात किए गए हैं इनकी संख्या स्नान तक और बढ़ाई जा सकती है। मुख्यमंत्री डा़ रमेश पोखरियाल निशंक ने रविवार को अब तक कुम्भ में 4 करोड़ लोगों के स्नान करने का दावा किया था। उनके अनुसार 140 देशों के लोग यहां आए।
शहर के लिए सोमवार सुबह से नया यातायात प्लान लागू किया गया है। इसके तहत हल्के वाहनों को भी शहर के भीतर प्रवेश नहीं दिया जा रहा। अब तक के स्नानों में से इस स्नान में सर्वाधिक भीड़ आने का अंदाजा प्रशासन ने लगाया है जिसके अनुरूप वह तैयारी कर रहा है।
भीड़ की बढ़ती संख्या को देखकर पुलिस प्रशासन ने जहां शहर भर में गश्त तेज कर रखी है वहीं संवेदनशील क्षेत्रों एवं शाही स्नान के लिए साधुओं के जाने के लिए चयनित मार्गो को अर्धसैनिक बलों को सौंप दिया गया है।
कुम्भ में तमाम नामचीन हस्तियों का भी आना जारी है। कुम्भ मंथन में जहां अब तक कई बुद्धिजीवी, विचारक, समाजसेवी एवं राजनैतिक कार्यकर्ता एवं नेताओं ने भागीदारी दी वहीं सोमवार को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत भी कुम्भ नगरी पहुंचे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications