सानिया बनी शोएब की बेगम (लीड-3)

होटल ताज कृष्णा में निकाह संपन्न होने के बाद सानिया की प्रवक्ता रुचा नाइक ने पत्रकारों को बताया, "निकाह संपन्न हो गया है। कृपया नवविवाहित जोड़े के लिए दुआ करिए।"

निकाह की रस्म सादगीपूर्ण तरीके से अपराह्न् 12.30 बजे से एक बजे के बीच संपन्न हुई। निकाह में दोनों के करीबी रिश्तेदारों और मित्रों सहित लगभग 70 लोग शरीक हुए।

टेनिस सनसनी 23 वर्षीय सानिया और पाक टीम के पूर्व कप्तान 28 वर्षीय शोएब ने काजी और दो गवाहों की मौजूदगी में निकाह कबूल किया और निकाहनामे पर दस्तखत किए।

निकाह कराने वाले काजी नाजमुद्दीन हुसैन ने कहा कि मेहर (निकाह के समय दुल्हे की ओर से दुल्हन को दिया जाने वाला उपहार) की राशि 61 लाख नकदी तय की गई है।

निकाहनामे पर दस्तखत करने के बाद सानिया शोएब की दूसरी बेगम बन गई। शोएब ने अपनी पहली बेगम आयशा शेख को पिछले सप्ताह तलाक दे दिया था।

सानिया के चाचा, मोहम्मद शफी उस्मान और मिर्जा फैयाज बेग ने दो गवाहों के रूप में निकाहनामे पर दस्तखत किए।

काजी ने संवाददाताओं को बताया, "इज्ब और कबूल इस्लामिक कानून के मुताबिक संपन्न हुआ। चूंकि शोएब निकाह के समय स्वयं उपस्थित थे और उनकी ओर से निकाह का प्रस्ताव (इज्ब) किया गया, लिहाजा उनकी ओर से गवाहों की कोई आवश्यकता नहीं थी।"

शोएब ने जब पासपोर्ट की छाया प्रति प्रस्तुत की तो काजी ने निकाह संपन्न करा दिया। इसके पहले काजी ने शुक्रवार को निकाह संपन्न कराने से इंकार कर दिया था, क्योंकि शोएब का पासपोर्ट उपलब्ध नहीं था।

निकाह के लिए सानिया लाल रंग की पारंपरिक साड़ी में अपने पिता इमरान मिर्जा, मां नसीम, छोटी बहन अनाम और कुछ रिश्तेदारों के साथ होटल पहुंची।

सानिया ने लाल रंग की उसी साड़ी को पहना, जिसे उनकी मां ने 25 वर्ष पूर्व निकाह के मौके पर पहना था।

निकाह के बाद अतिथियों ने जुहार नमाज अदा की। इसके बाद सभी ने भोजन में हिस्सा लिया।

इससे पहले नाइक ने सानिया का निकाह सोमवार को होने की सूचना दी थी। उन्होंने कहा, "इस बात की पुष्टि की जा रही है कि सानिया और शोएब का निकाह कुछ देर में होगा। सुरक्षा कारणों से निकाह के वक्त और स्थान का खुलासा नहीं किया जाएगा।"

पूर्व में कहा गया था कि दोनों का निकाह शुक्रवार को होगा। माना जा रहा है कि दोनों परिवार के सदस्यों ने विवादों से बचने के लिए सोमवार को ही निकाह करवाने का फैसला किया। सानिया का परिवार 15 अप्रैल को प्रीतभोज आयोजित करेगा।

रविवार को इस्लामिक विद्वानों ने सानिया और शोएब के खिलाफ यह कहते हुए फतवा जारी किया था कि दोनों विवाह से पहले ही साथ-साथ रह रहे हैं। इस पर सानिया के मीडिया प्रबंधक ने रविवार को कहा था कि शोएब कुछ दिन पहले ही टेनिस खिलाड़ी के घर से चले गए थे।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+