उल्फा के संपर्को का उपयोग कर रहे नक्सली : गोगोई
गोगोई ने पत्रकारों से कहा, "इसमें कोई संदेह नहीं कि नक्सलियों के उल्फा के साथ संबंध हैं और वे असम में आधार स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं। परंतु हम सतर्क हैं और इस खतरे को रोकने के लिए सुरक्षा मजबूत करने के लिए कदम उठाए गए हैं।"
गोगोई ने कहा कि इस बात की खबरें हैं कि नक्सली और उल्फा हथियारों के व्यापार का प्रयास कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच निश्चित ही आपसी समझदारी है और हथियारों की बिक्री और अन्य गतिविधियों की खबरें भी हैं।
इससे पहले की खुफिया रिपोर्टों में संकेत दिया गया था कि असम के एक आतंकवादी संगठन राष्ट्रीय आदिवासी मुक्ति सेना (एएनएलए) ने नक्सलियों से संबंध स्थापित कर लिए हैं। इसके कई सदस्यों के झारखण्ड में नक्सलियों से प्रशिक्षण हासिल करने की सूचना है।
चाय बागान मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए एएनएलए की स्थापना वर्ष 2004 में हुई थी। नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस पर 13 अप्रैल 2007 को बम हमले की जिम्मेदारी लेने के बाद से यह संगठन सुर्खियों में आया।
गोगोई ने कहा कि उल्फा के खिलाफ सैन्य कार्रवाई जारी है और आतंकवादियों ने रविवार देर रात डिब्रूगढ़ जिले में एक पुलिसकर्मी की हत्या कर दी और दूसरे को घायल कर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उल्फा द्वारा नई भर्तियां करने की खबरें हैं और वह अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का प्रयास कर कर रहा है। उनके खिलाफ कार्रवाई जारी है और साथ ही शांति वार्ता के दरवाजे भी खुले हैं।
गोगोई ने कहा, "शांति वार्ता की दिशा में कुछ प्रगति हुई है लेकिन हम चाहेंगे कि जो लोग देश से बाहर हैं वे भी आएं और शांति वार्ता में शामिल हों।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications