ओबामा को परमाणु दायित्व विधेयक जल्द पारित होने की उम्मीद
वाशिंगटन, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। असैन्य परमाणु दायित्व विधेयक भारत में भले ही राजनीतिक विवादों में उलझ गया हो, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने उम्मीद जाहिर की है कि यह विधेयक यथासंभव जल्द ही पारित हो जाएगा।
विदेश सचिव निरूपमा राव ने यहां सोमवार को कहा, "ओबामा ने लंबित पड़े असैन्य परमाणु दायित्व विधेयक का जिक्र किया और उम्मीद जाहिर की कि यह यथासंभव जल्द ही पारित हो जाएगा।"
राव, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और ओबामा के बीच ब्लेयर हाउस में हुई 50 मिनट की बातचीत के बारे में संवाददाताओं को जानकारी दे रही थीं।
मनमोहन सिंह ने ओबामा को बताया कि विपक्षी पार्टियों के विरोध के कारण लंबित पड़ा यह विधेयक फिलहाल लोकतांत्रिक प्रक्रिया से गुजर रहा है।
वर्ष 2008 में भारत और अमेरिका के बीच हुए ऐतिहासिक असैन्य परमाणु समझौते पर चर्चा करते हुए मनमोहन सिंह और ओबामा ने उस करार के निष्कर्ष पर पहुंचने को लेकर अपनी खुशी जाहिर की, जिसमें इस्तेमाल किए गए अमेरिकी ईंधन के पुनशरेधन के लिए व्यवस्थाएं की गई हैं।
ज्ञात हो कि कुछ राजनीतिक पार्टियों की ओर से किए गए घोर विरोध के कारण सरकार को 15 मार्च को असैन्य परमाणु दायित्व विधेयक को संसद में पेश करने का कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications