रेडियोधर्मी विकिरण से प्रभावित 2 की हालत नाजुक
नई दिल्ली, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली के एक कबाड़ बजार में रेडियोधर्मी पदार्थ कोबाल्ट-60 के विकिरण की चपेट में आने वाले छह लोगों में से चार की हालत में सुधार दिख रहा है, जबकि दो की हालत अभी तक नाजुक बनी हुई है। यह जानकारी सोमवार को चिकित्सकों ने दी।
कबाड़ व्यापारी दीपक जैन जहां इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं, वहीं अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में गौरव, राजेंद्र प्रसाद, रामजी यादव, राम कल्प और हिमांशु जैन भर्ती हैं।
अपोलो अस्पताल के एक प्रवक्ता ने बताया, "दीपक की हालत में कोई सुधार नहीं है। उनकी स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है।"
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दीपक ने जैसे ही रेडियोधर्मी पदार्थ को छुआ था, उनका शरीर काला पड़ गया था।
एम्स के चिकित्सा अधीक्षक डी. के. शर्मा ने आईएएनएस को बताया कि यहां भर्ती प्रसाद की हालत नाजुक बनी हुई है।
शर्मा ने कहा, "चार की तबीयत में लगातार सुधार हो रहा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।