कृषि योग्य जमीन पर उद्योग लगाने पर रोक लगेगी
रांची, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखण्ड के कृषि मंत्री मथुरा महतो ने सोमवार को कहा कि सरकार जल्द ही एक ऐसा कानून बनाएगी जिसके तहत खेती योग्य जमीन पर औद्योगिक इकाइयां लगाने पर प्रतिबंध लग जाएगा।
महतो ने आईएएनएस को बताया, "हम जल्द ही कृषि योग्य जमीन पर उद्योग लगाने पर प्रतिबंध लगाने के लिए नया कानून बनाएंगे। राज्य में कृषि को बढ़ावा देना बहुत जरूरी है और यहां पर 79 हेक्टेयर भूमि में से केवल 34 हेक्टेयर भूमि ही उपजाऊ है, बाकी कृषि योग्य नहीं है।"
उन्होंने कहा कि उद्योगों को बंजर जमीन पर स्थापित किया जाना चाहिए।
महतो ने बताया, "राज्य अपनी खपत का केवल आधा हिस्सा ही अनाज पैदा कर पाता है। लिहाजा, कृषि को बढ़ावा देना निहायत ही जरूरी हो गया है। उद्योग स्थापित हो जाने से खेती योग्य जमीन की कमी हो जाएगी।"
राज्य के किसान उद्योग स्थापित करने के मकसद से अधिग्रहण की जाने वाली जमीन का विरोध कर रहे हैं। इसके चलते आर्सेलर मित्तल द्वारा स्थापित की जाने वाली इस्पात की बड़ी परियोजनाएं ठप्प पड़ी हुईं हैं।
महतो ने कहा कि जल्द ही कानून का मसौदा तैयार कर इसे मंत्रिमंडल के सामने पेश किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications