पोलैंड विमान हादसा : ज्यादातर शवों की पहचान कठिन
मास्को, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। रूस में शनिवार को हुई विमान दुर्घटना में पोलैंड के राष्ट्रपति के साथ मारे गए लोगों में से केवल 14 के शव उनके रिश्तेदार आसानी से पहचान सके।
समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के अनुसार सोवियत युग का टीयू-154 विमान पश्चिमी रूस के स्मोलेंस्क हवाई अड्डे पर उतरते समय घने कोहरे के कारण पेड़ों से टकरा कर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें 96 लोगों की मौत हुई।
इस समय मास्को में मौजूद पोलैंड की स्वास्थ्य मंत्री इवा कोपाक्ज ने कहा कि कठिनाई से अन्य 20 शवों की पहचान फोरेंसिक विशेषज्ञों द्वारा की जा सकती है और शेष मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए डीएनए परीक्षण अनिवार्य होंगे।
मृतकों के रिश्तेदारों को लेकर पहला विमान रविवार को मास्को पहुंचा और दूसरा विमान सोमवार दोपहर को मास्को के लिए उड़ान भरेगा।
मारे गए लोगों के रिश्तेदारों को मास्को में करीब तीन-चार दिनों तक रहना होगा।
दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए सोमवार को रूस में राष्ट्रीय शोक रखा गया। मास्को में लोगों ने पोलैंड दूतावास के सामने फूल और मोमबत्तियां रखीं।
एक सैनिक विमान दिवंगत राष्ट्रपति लेख काजिंस्की का शव लेकर रविवार को वारसा पहुंचा। काजिंस्की के शव के दर्शन के लिए राष्ट्रपति भवन मंगलवार को खुलेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications