कम होंगी होटल निर्माताओं की मुश्किलें
जयपुर, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। होटल निर्माताओं की मुश्किलें जल्द ही कम होने वाली हैं। केंद्रीय पर्यटन मंत्री कुमारी शैलजा के मुताबिक होटल निर्माण के लिए सरकार अब एकल खिड़की मंजूरी प्रणाली शुरु करने जा रही है।
जयपुर में देर रविवार शैलजा ने कहा, "होटल मालिकों को होटल बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के अलावा विभिन्न संस्थानों से अलग-अलग मंजूरी लेनी पड़ती है। एकल खिड़की मंजूरी प्रणाली से होटल निर्माताओं की मुश्किलें कम होंगी।"
कुमारी शैलजा ने फेडरेशन ऑफ इंडियन चैम्बर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) द्वारा आयोजत 'द ग्रेट इंडिया ट्रेवल बाजार 2010' के मौके पर यह बात कही।
शैलजा ने कहा कि इस प्रस्ताव को सचिवों की समिति द्वारा अनुमोदित कर दिया गया है और इसे जल्द ही कैबिनेट के पास भेजा जाएगा।
उन्होंने कहा, "एक बार जब प्रणाली लागू हो जाएगी तब होटल निर्माता अपने प्रस्ताव को केवल केंद्र के पास भेज सकेंगे।"
पर्यटन मंत्री के मुताबिक आतिथ्य विकास और संवर्धन बोर्ड नई दिल्ली और राज्यों में स्थापित किया जाएगा।
पर्यटन सचिव सुजीत बनर्जी ने कहा कि इसके लिए दोहरी अध्यक्षता वाले बोर्ड का गठन किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications