अगवा किशोर का सुराग नहीं
पटना, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार में रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र से अगवा 14 वर्षीय पंकज कुमार का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है, हालांकि पुलिस लगातार छापामारी कर रही है।
विक्रमगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) उपेन्द्र सिंह ने सोमवार को बताया कि पंकज की खेाज के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है।
उन्होंने कहा कि अपहरणकर्ताओं ने लड़के के परिजनों से फिरौती के लिए भी किसी तरह का संपर्क नहीं किया है।
उल्लेखनीय है कि सासाराम-चौसा मार्ग पर रामपुर बस अड्डे के समीप बोलेरो गाड़ी पर सवार अज्ञात लोगों ने रविवार को पंकज का उस समय अपहरण कर लिया था, जब वह एक ट्रैक्टर पर सवार होकर रामपुर जा रहा था। पंकज रामपुर निवासी राम प्रताप मौर्य का बेटा है, जो एक निजी विद्यालय चलाते हैं। इस मामले की प्राथमिकी कोचस थाने में दर्ज की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications