ब्राजील भूस्खलन में मृतकों की संख्या 223 हुई
राहतकर्मियों ने शनिवार को मिट्टी में धंसे चार शवों को बाहर निकाला। इस आपदा से मोरे डो बूंबा कस्बे के 50 से ज्यादा मकान क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। इस क्षेत्र में 31 लोगों के मरने की पुष्टि हो चुकी है।
मूसलाधार बारिश के कारण सोमवार से रियो डी जनेरियो प्रांत के महानगरीय क्षेत्रों में दर्जनों भूस्खलन हो चुके हैं।
राहतकर्मियों और अधिकारियों का अनुमान है कि 100 से 150 शव अब भी जमीन के नीचे दबे हुए हैं। प्रभावित इलाकों में राहतकर्मियों को मिचलाने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि कचरे की वजह से यहां मीथेन गैस निकलने लगी है।
राहतकर्मियों के अनुसार पिछले पांच दिन में भूस्खलन से मरने वालों की तादाद 223 तक पहुंच गई है। निटोरियों में 140, रियो डी जनेरियो में 63, साओ गोंजालो में 16 और पेट्रोपोलिस, नियोपोलिस, पैराकांबी और मैग शहरों में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।
रियो डी जनेरियो के गवर्नर सर्जियो काबराल ने शनिवार को कहा कि हालात बेहद प्रलयकारी हैं भूस्खलन की आशंका बरकरार रहने को देखते हुए 200 से ज्यादा परिवारों को दूसरी जगहों पर ले जाया गया है।
रियो डी जनेरियो राज्य में मूसलाधार बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से 50,000 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।