त्वचा कैंसर में मददगार हो सकता है नया वैक्सीन
लंदन, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। शोधकर्ताओं का कहना है कि एक नया वैक्सीन त्वचा कैंसर के रोगियों को आराम पहुंचा सकता है।
'ओंकोवेक्स' नामक यह वैक्सीन ट्यूमर कोशिकाओं को खत्म करता है। इससे जीवित कोशिकाओं को कोई नुकसान नहीं पहुंचता।
एक वेबसाइट 'एक्सप्रेस डॉट को डॉट यूके' ने शिकागो के रश विश्वविद्यालय चिकित्सा केंद्र के हॉवर्ड कॉफमैन के हवाले से लिखा है कि हमारे अध्ययन से प्रदर्शित हुआ है कि मेलानोमा कैंसर के शुरुआती चरण में इससे इलाज किया जा सकता है। इस तरह हर साल हजारों जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।
उन्होंने कहा, "यह वैक्सीन केवल उन्हीं कोशिकाओं में असर नहीं करता जहां हम इसे लगाते हैं बल्कि इसका असर उन कोशिकाओं पर भी होता है जहां तक हम नहीं पहुंच सकते हैं।"
इस वैक्सीन को तैयार करने वाली कंपनी बायोवेक्स अब अंतिम चरण में इस दवा का 400 से ज्यादा लोगों पर परीक्षण करेगी।
इससे पहले 50 मरीजों पर इस वैक्सीन का परीक्षण किया गया जिसमें 16 फीसदी मरीज पूरी तरह से ठीक हो गए जबकि 28 फीसदी लोगों के ट्यूमर के आकार में 50 फीसदी से ज्यादा की कमी आई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications