कपिल सिब्बल न्यूजीलैंड पहुंचे (लीड-1)
हैमिल्टन, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। शिक्षा के क्षेत्र में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के उद्देश्य से केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल तीन दिवसीय दौरे पर रविवार को न्यूजीलैंड पहुंचे।
भारतीय शिक्षा क्षेत्र में कई सुधारों की शुरुआत करने वाले सिब्बल की इस यात्रा के दौरान न्यूजीलैंड से शिक्षा के साथ शोध, तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा, शिक्षकों के प्रशिक्षण और दूरस्थ शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की उम्मीद है।
भारत-न्यूजीलैंड व्यापार परिषद के अध्यक्ष वेनसेसलस एंथनी ने आईएएनएस से कहा सिब्बल की यात्रा न्यूजीलैंड के शिक्षा क्षेत्र के लिए बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि न्यूजीलैंड आने वाले भारतीय छात्रों की संख्या में बहुत तेज बढ़ोतरी हो रही है। केवल पिछले वर्ष ही न्यूजीलैंड आने वाले भारतीय छात्रों की संख्या में 42 प्रतिशत वृद्धि हुई है।
एंथनी ने कहा कि भारत के मानव संसाधन और समृद्ध शिक्षा व्यवस्था में भी न्यूजीलैंड की रुचि होगी। भारत और न्यूजीलैंड की सरकारें, विद्वान और प्रशासन सुधारों पर विचार कर सकते हैं और उद्यमी शिक्षा क्षेत्र में संभावनाएं तलाश सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।