‘नक्सलियों को नरसंहार की कीमत चुकानी होगी'
नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक विश्वास रंजन ने केंद्रीय और राज्य सुरक्षा बलों की नक्सल विरोधी रणनीति में किसी भी तरह के बदलाव से इंकार करते हुए कहा है कि नक्सलियों के गढ़ पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और नक्सलियों को मंगलवार के नरसंहार की कीमत चुकानी होगी।
मंगलवार के नक्सली हमले में 76 सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए थे। रंजन ने एक समाचार चैनल से बातचीत में गुरुवार को कहा, "हम नक्सलियों के खिलाफ भीतर तक कार्रवाई जारी रखेंगे। नक्सलियों के गढ़ पर कार्रवाई जारी रहेगी।" रंजन ने कहा कि नक्सलियों ने जो किया है, उसकी कीमत उन्हें चुकानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और पुलिस के बीच नक्सलियों के खिलाफ तालमेल ठीक है और सभी अभियान संयुक्त रूप से चलाए गए।
दंतेवाड़ा में हुए नक्सली हमले के संदर्भ में उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ का दल नक्सलियों द्वारा घात लगाए गए स्थान का पता नहीं लगा सका और पूरी तरह से घिर गया था। गौरतलब है कि मंगलवार को सैकड़ों की संख्या में नक्सलियों ने दंतेवाड़ा जिले में सीआरपीएफ के 80 से अधिक जवानों पर हमला कर दिया था। इस हमले में 76 जवान शहीद हो गए थे।













Click it and Unblock the Notifications