छत्तीसगढ़ : नक्सलियों के खिलाफ बंद का ऐलान
नक्सलियों द्वारा मारे गए सभी सुरक्षाकर्मी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों थे। इस सामूहिक नरसंहार के खिलाफ पूरे देश में आक्रोश भड़क रहा है। कांग्रेस द्वारा आहूत इस बंद को राज्य के शहरी इलाकों में काफी समर्थन मिला है। राज्य के कई हिस्सों में बंद से जनजीवन प्रभावित है।
बंद को कई औद्योगिक संगठनों का समर्थन मिला है। उल्लेखनीय है कि नक्सलियों का इन औद्योगिक संगठनों से प्रमुख बैर है। रायपुर की सड़कों के अलावा राज्य के दूसरे सबसे बड़े शहर बिलासपुर में भी सड़के सूनी रहीं। दुर्ग, कोरबा, रायगढ़ और भिलाई में भी सड़कों पर वाहन नहीं दिखे। खबरों के मुताबिक नक्सलियों के गढ़ बस्तर पर भी बंद का असर पड़ा है। यहां दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर, बस्तर और कांकेड़ जिलों में बंद से जनजीवन प्रभावित रहा। बंद की वजह से स्कूल भी बंद हैं। दुकानदारों ने भी दुकानें बंद रखीं।
कांग्रेस राज्य इकाई के अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने कहा कि बंद राज्य सरकार की उन नीतियों के विरोध में किया गया है जिनकी वजह से नक्सली इतने बड़े नरसंहार को अंजाम देने में सफल हो गए। गौरतलब है कि मंगलवार को सैकड़ों की संख्या में नक्सलियों ने दंतेवाड़ा जिले में सीआरपीएफ के 80 से अधिक जवानों पर हमला कर दिया था। इस हमले में 76 जवान शहीद हो गए थे। यह अब तक सबसे बड़ा नक्सली हमला था।













Click it and Unblock the Notifications