आईपीएल: धर्मशाला में कहां ठहरेंगे दर्शक?
धर्मशाला, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में इस माह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के तीसरे संस्करण के दो मैच होने हैं और इनमें हजारों दर्शकों के बाहर से पहुंचने की उम्मीद है। परंतु दर्शकों की लिहाज से दिक्कत इस बात कि है कि धर्मशाला में ठहरने के लिए कमरों की कमी है।
सैलानियों की पसंद बनते जा रहे इस कस्बे के अधिकतर होटल मैच आयोजकों की ओर से खिलाड़ियों, अधिकारियों और मीडियाकर्मियों के लिए बुक कराए जा चुके हैं।
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ (एचपीसीए) के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने आईएएनएस को बताया, "हमने कस्बे और आसपास के इलाकों में 500 से अधिक कमरे खिलाड़ियों, अधिकारियों, मीडियाकर्मियों और आईपीएल से जुड़े अन्य लोगों के लिए बुक कराए हैं। हम दर्शकों को भी रहने के लिए अच्छी सुविधा मुहैया करने के लिए राज्य सरकार के साथ तालमेल बैठाए हुए हैं।"
ठाकुर ने कहा कि हर मैच के लिए लगभग 20,000 दर्शकों के यहां पहुंचने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि धर्मशाला में 16 अप्रैल को किंग्स इलेवन पंजाब और हैदराबाद डेक्कन चार्जर्स के बीच मुकाबला खेला जाना है। इसी तरह 18 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स और किंग्स इलेवन के बीच एक मैच होगा।
हमीरपुर से सांसद ठाकुर ने कहा, "विदेशी खिलाड़ियों के लिए पेवेलियन परिसर का निर्माण चल रहा है। हम स्टेडियम के निकट दो कॉटेज में 32 भव्य कमरों की व्यवस्था करना में सफल रहेंगे।"
धर्मशाला में 56 पंजीकृत होटल और गेस्टहाउस हैं। इनमें 1,100 लोगों के ठहरने की सुविधा उपलब्ध है। इसी तरह यहां से आठ किलोमीटर दूर मैकलियोडगंज में लगभग 91 पंजीकृत होटल और गेस्टहाउस हैं जहां 1,000 लोग रुक सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications