एएमयू रीडर की मौत का कारण स्पष्ट नहीं
अलीगढ़ शहर के क्वारसी थाने के वरिष्ठ उप निरीक्षक आर.सी. शर्मा ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया कि सिरस की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि उनकी हत्या हुई या उन्होंने आत्महत्या की। उनका विसरा सुरक्षित रख लिया गया है।
शर्मा ने कहा कि मौत का कारण विसरा की रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। विसरा जांच के लिए आगरा स्थित विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
समलैंगिकता के आरोप में एएमयू प्रशासन द्वारा निलंबित किए गए सिरस बुधवार देर शाम अलीगढ़ शहर के क्वारसी थाना क्षेत्र के दुर्गाबाड़ी इलाके में अपने निवास स्थान पर संदिग्ध परिस्थियों में मृत पाये गये थे। वह यहां पर किराये के मकान में रहते थे।
एएमयू में आधुनिक भारतीय भाषा विभाग के रीडर रहे सिरस को विश्वविद्यालय परिसर में एक रिक्शेवाले के साथ कथित समलैंगिक संबंध बनाने के आरोप में विश्वविद्यालय प्रशासन ने गत 9 फरवरी को निलंबित कर दिया था।
बीते 1 अप्रैल को इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने उनके निलंबन पर रोक लगाते हुए एएमयू से चार सप्ताह के भीतर जवाबी हलफनामा दाखिल करने को कहा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications