मायावती पर कोई अभद्र टिप्पणी नहीं की : रीता बहुगुणा
कुछ स्थानीय समाचार चैनलों में गुरुवार को इस तरह की खबरें आईं कि जोशी ने बस्ती जिले के हरैय्या गांव में बुधवार को किसान नौजवान रैली के दौरान बसपा सरकार को जमकर कोसने के साथ-साथ मायावती पर अभद्र टिप्पणी की।
इन खबरों पर जोशी ने लखनऊ में गुरुवार को एक संवाददाता सम्मेलन बुलाया और स्पष्ट किया कि उन्होंने मायावती पर कोई व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं की। जोशी ने कहा कि मैंने मुख्यमंत्री मायावती सहित किसी पर कोई टिप्पणी नहीं की। हां, मैंने पार्को और स्मारकों में लगी उनकी मूर्तियों की जरूर आलोचना की थी।'
उन्होंने दावा किया कि विवाद पैदा करने के लिए उनके बयान को तोड़ मरोड़कर पेश किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मैंने केवल काली-काली मूर्तियां कहा था। मायावती जी के रंग के बारे में मैंने एक बार भी कोई टिप्पणी नहीं की।'
उधर बस्ती जिला प्रशासन ने अधिकारियों की एक टीम गठित कर निर्देश दिया है कि रीता बहुगुणा जोशी के भाषण की वीडियो फुटेज का परीक्षण करें कि उन्होंने भाषण में क्या कहा था। उसके बाद कानूनी कार्रवाई की जाए या नहीं यह तय होगा।
सूत्रों के मुताबिक बस्ती के जिलाधिकारी पंकज कुमार इस संबंध में राज्य सरकार के अधिकारियों को जानकारी देने के लिए लखनऊ पहुंच रहे हैं।
जब आईएएनएस ने उनसे इस संबंध में पूछा तो उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है। मैं अभी इस मामले में कोई खुलासा नहीं कर सकता।
ज्ञात हो कि बीते साल जुलाई में मुरादाबाद जिले में कांग्रेस की एक जनसभा में मायावती के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी करने पर रीता बहुगुणा जोशी को आपराधिक मुकदमों का सामना करने के साथ-साथ जेल की हवा भी खानी पड़ी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications