किर्गिस्तान में विपक्ष ने गठित की अंतरिम सरकार (लीड-1)
बिश्केक, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। किर्गिस्तान में खूनी संघर्ष के एक दिन बाद गुरुवार को विपक्षी दलों ने रोजा ओतुनबायेवा के नेतृत्व में अंतरिम सरकार का गठन कर दिया जबकि राष्ट्रपति कुरमानबेक बाकियेव देश के दक्षिणी हिस्से में चले जाने की खबर है।
समाचार एजेंसी 'सिन्हुआ' के अनुसार, ओतुनबायेवा ने संसद भवन में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में नई सरकार के गठन की घोषणा की और कहा कि वह देश की प्रधानमंत्री बनेंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि छह महीने के भीतर देश में राष्ट्रपति चुनाव कराए जाएंगे तब तक अंतरिम सरकार काम करेगी। ओतुनबायेवा ने कहा कि करीब 50 लाख की आबादी वाले इस देश में अंतरिम सरकार राष्ट्रपति और सरकार के दायित्वों को पूरा करेगी।
उन्होंने कहा कि विपक्ष कुरमानबेग से संपर्क साधने का प्रयास कर रहा है ताकि उनसे शक्तियों के हस्तांतरण पर चर्चा की जा सके लेकिन अब तक उनके बारे में कोई सूचना प्राप्त नहीं हो सकी है।
उल्लेखनीय है कि बुधवार रात राष्ट्रपति महल में विपक्षी समर्थकों की भीड़ जुटने के बाद कुरमानबेग देश की दक्षिणी हिस्से की ओर चले गए थे।
ओतुनबायेवा ने यह भी घोषणा की कि सत्ता परिवर्तन का देश में अमेरिकी सैन्य ठिकाने से संबंधित अमेरिकी-किर्गिस्तान समझौते पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
इस बीच संयुक्त राष्ट्र के महासचिव बान की मून ने गुरुवार को कहा कि अशांति को देखते हुए वह किर्गिस्तान में एक विशेष दूत भेज रहे हैं।
एक अन्य विपक्षी नेता और पूर्व रक्षा मंत्री इस्माइल इसाकोव ने संवाददाताओं से कहा कि कुरमानबेग सरकार के सभी वरिष्ठ सहयोगियों पर देश छोड़ने की पाबंदी लगा दी गई है। उन्होंने कहा कि नई सरकार को सेना और आंतरिक मंत्रालय का समर्थन हासिल है।
अंतरिम सरकार के स्वास्थ्य मंत्री ने पुष्टि की है कि खूनी संघर्ष के चलते 74 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है जबकि 530 लोग जख्मी हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications