भाजपा राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक पटना में
बिहार में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसी बात को ध्यान में रखकर पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक पटना में आयोजित की जा रही है।
मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के पार्टी में वापसी संबंधी एक प्रश्न के जवाब में अनंतकुमार ने कहा कि इस मसले पर पार्टी का संसदीय बोर्ड फैसला लेगा।
केंद्रीय पदाधिकारियों की बैठक में महंगाई के मुद्दे पर 21 अप्रैल को दिल्ली आयोजित होने जा रही 'संसद चलो' रैली की तैयारियों का जायजा लिया गया। पिछले एक महीने से पार्टी इस रैली की तैयारी कर रही है।
बैठक में पार्टी के रोडमैप की रूपरेखा के साथ ही संगठनात्मक, राजनीतिक और चुनावी तैयारियों पर भी चर्चा की गई।
अनंतकुमार ने कहा कि पार्टी का मानना है कि परमाणु जवाबदेही विधेयक और विदेशी विश्वविद्यालय विधेयक पर सरकार लुकाछिपी का खेल खेल रही है। भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने इस विषय पर अन्य दलों से विचार विमर्श और राष्ट्रहित में उचित कदम तय करने की जिम्मेदारी सुषमा स्वराज और अरुण जेटली को सौंपी है।
अनंतकुमार ने कहा कि मध्य प्रदेश में पार्टी के नए अध्यक्ष के नाम का फैसला 21 अप्रैल के बाद होगा। मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है।
केंद्रीय पदाधिकारियों की बैठक में 60 में से 58 सदस्य उपस्थित थे। विनय कटियार और हेमामालिनी बैठक में उपस्थित नहीं थे। इनकी अनुपस्थिति के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि इन दोनों ने पहले ही व्यक्तिगत कारणों से उपस्थित होने में असमर्थता की सूचना दे दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications