विशेष राज्य के दर्जे के लिए हस्ताक्षर अभियान
पटना, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर जनता दल (युनाइटेड) हस्ताक्षर अभियान चलाएगी। इसके तहत एक करोड़ लोगों के हस्ताक्षर जुटाए जाएंगे।
जद (यु) के सांसद एवं प्रवक्ता शिवानंद तिवारी ने कहा, "बिहार के लोग अब चुप नहीं बैठेंगे। वे अपने हक के लिए संघर्ष करेंगे। बिहार से अलग राज्य झारखण्ड बनने के समय भी यह कहा गया था कि इस कमी की भरपाई की जाएगी परंतु कुछ नहीं हुआ।"
उन्होंने कहा कि बिहार में प्रतिवर्ष बाढ़ से तबाही मचती है परंतु केंद्र कोई मदद नहीं करता। केंद्र सरकार बिहार को वास्तविक हिस्सा देने को भी तैयार नहीं है।
इधर, जद (यु)के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने गुरुवार को कहा, "बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने की मांग के समर्थन में पार्टी एक करोड़ लोगों के हस्ताक्षर जुटाएगी जिसे केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। इसके लिए अन्य राजनीतिक दलों से भी सहयोग देने की अपील की जाएगी।"
उल्लेखनीय है कि राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मिलकर भी बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग कर चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications