नेपाली व्यापारी से विवाह कर रही हैं मनीषा!
चालीस वर्षीय मनीषा नेपाली व्यापारी सम्राट दहल से 19 जून को विवाह करेंगी।
नेपाली फिल्म निर्देशक दीपेंद्र खनाल ने बताया, "परिचितों ने मुझे एक सप्ताह पहले सूचना दी है कि मनीषा कोइराला नेपाल में विवाह कर रही हैं।" करीब दो दशक तक बॉलीवुड में काम करने वाली मनीषा दीपेंद्र की फिल्म 'धर्म' से नेपाली फिल्मोद्योग में वापसी कर रही हैं।
खनाल ने आईएएनएस को बताया कि इन दिनों मनीषा केरल में एक तेलुगू फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं और वह शुक्रवार को काठमांडू लौटेंगी।
पिछले महीने वह अपने चचेरे दादा गिरिजा प्रसाद कोइराला के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए नेपाल में मौजूद थीं।
मनीषा के दूल्हे ने संभवत: अमेरिका में पढ़ाई की है और वह एक व्यापारी है जबकि उसके पिता सुरेंद्र दहल चमड़ा उद्योगपति हैं।
सुभाष घई की फिल्म 'सौदागर' से उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा था। बाद में उन्होंने मणिरत्नम की 'दिल से' और 'बॉम्बे', संजय लीला भंसाली की 'खामोशी' और विधु विनोद चोपड़ा की '1942: ए लव स्टोरी' जैसी फिल्मों में अभिनय किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications