पेशावर में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर हमला, 12 की मौत (लीड-3)
मारे गए लोगों में चार हमलावर, सुरक्षाकर्मी और तीन विदेशी नागरिक शामिल हैं। मारे गए विदेशियों की नागरिकता की पुष्टि नहीं हो पाई है।
पुलिस ने बताया कि आत्मघाती हमलावरों के एक समूह ने अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर हमला किया।
सूत्रों ने कहा कि दूतावास की सुरक्षा में लगे एक अमेरिकी सुरक्षा कंपनी के कम से कम चार सुरक्षाकर्मी भी घायल हुए हैं।
आतंकवादी संगठन तहरीक-ए-तालिबान-ए-पाकिस्तान (टीटीपी) ने हमले की जिम्मेदारी ली है और कहा है कि वे ऐसे और हमले करेंगे।
दो कारों से वाणिज्य दूतावास के मुख्य द्वार तक पहुंचे हमलावरों ने दूतावास परिसर पर दो रॉकेट दागे और स्वचालित हथियारों से गोलीबारी करने के साथ ही विस्फोटकों से लदे अपने वाहनों को उड़ा दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमले में दूतावास की इमारत को भारी नुकसान पहुंचा।
इस्लामाबाद में अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर हमला हुआ है लेकिन इस बारे में अभी तक पूरी जानकारी नहीं मिली है।
पश्चिमोत्तर सीमा प्रांत के वरिष्ठ मंत्री बशीर बिलौर ने कहा कि हमले में एक पुलिसकर्मी और फ्रंटियर कांस्टेबलरी का एक जवान मारा गया। चार हमलावरों के शव भी बरामद हो गए हैं। उन्होंने कहा कि दो आत्मघाती जैकेट भी बरामद हुईं हैं।
सेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि दो अन्य हमलावर भी मारे जा चुके हैं और पूरे इलाके को सुरक्षित कर लिया गया है।
चिकित्सकों ने कहा कि 11 घायलों को लेडी रीडिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य कई घायलों को सेना अस्पताल में भर्ती किया गया है। पत्रकारों को सेना अस्पताल में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने पेशावर बम धमाकों की निंदा करते हुए घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications