सानिया मिर्जा के खिलाफ मामला दर्ज
हैदराबाद, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक के साथ आगामी 15 अप्रैल को शादी रचाने वाली भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा को कुछ और परेशानियों से रूबरू होना पड़ सकता है।
एक वकील ने सानिया और शोएब की प्रस्तावित शादी को देशद्रोह करार देते हुए पुलिस के समक्ष एक मामला दर्ज कराया है।
श्रीनिवास राव ने मंगलवार को हैदराबाद में स्थित बंजारा हिल्स पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है और सानिया को अभी तक सरकार की ओर से दिए गए सभी पुरस्कारों को वापस लेने की मांग की।
आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के वकील राव ने कहा, "सानिया ने भारतीय खिलाड़ी के तौर पर खेल कर करोड़ों रुपये अर्जित किया है। उनका पाकिस्तानी खिलाड़ी के साथ शादी करना देशद्रोह है।"
उन्होंने कहा, "उन्हें सभी पुरस्कार करदाताओं के पैसे से दिया गया है। अगर वह पाकिस्तानी के साथ शादी करती हैं तो सरकार को उनसे वे चीजें ले लेनी चाहिए, जो उन्हें दी गई हैं।"
वकील ने बताया कि सरकार ने सानिया को नकद पुरस्कारों के साथ ही उन्हें घर भी मुहैया कराया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications