परमाणु हथियारों की सुरक्षा सुनिश्चित हो : ओबामा
वाशिंगटन, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा चाहते हैं कि अगले सप्ताह होने वाले परमाणु सुरक्षा शिखर सम्मेलन में यह सुनिश्चित किया जाए कि दुनिया के परमाणु हथियार आतंकवादियों और अन्य खतरनाक देशों के हाथों न लगने पाएं।
इस शिखर सम्मेलन में भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सहित दुनिया के 47 नेता हिस्सा लेंगे।
समाचार पत्र 'न्यूयॉर्क टाइम्स' को सोमवार को दिए साक्षात्कार में ओबामा ने आशा जताई कि सम्मेलन में सिर्फ बयान देकर मामले को रफा-दफा करने की नीति नहीं अपनाई जाएगी बल्कि इसके लिए ठोस प्रयासों पर चर्चा होगी।
उन्होंने कहा कि परमाणु हथियारों में कटौती को लेकर अगले चार सालों के लिए बिल्कुल स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किया जाना चाहिए।
ओबामा ने कहा, "अमेरिका की नई परमाणु नीति मंगलवार को घोषित की जाएगी। इसके तहत परमाणु हथियार प्रयोग करने के लिए परिस्थितियों को बहुत सीमित कर दिया जाएगा। यहां तक कि आत्मरक्षा के लिए भी परमाणु हथियारों के प्रयोग को सीमित किए जाने का प्रावधान है।"
ओबामा ने यह भी कहा कि ईरान और उत्तर कोरिया जैसे देश इस नीति के लिए अपवाद होंगे क्योंकि इन देशों ने परमाणु अप्रसार नीति (एनपीटी) का उल्लंघन किया है।
उन्होंने कहा कि परमाणु हथियारों की होड़ को रोकने की दिशा में अमेरिका ने इस दृष्टिकोण के माध्यम से एक मिसाल पेश की है।
ओबामा ने कहा, "हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि परमाणु हथियारों पर कम जोर दिया जाए। साथ ही इस पर भी जोर देना चाहते हैं कि विषम परिस्थितियों में बचाव के लिए हमारे परंपरागत हथियार सक्षम हैं।"
व्हाइट हाउस के हवाले से अखबार ने लिखा है कि नई परमाणु नीति में जैविक हथियारों से हमले की जवाबी कार्रवाई में भी परमाणु हथियारों के प्रयोग पर पुनर्विचार का विकल्प शामिल है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications