छत्तीसगढ़ में नक्सली हमले में 73 सुरक्षाकर्मी शहीद (लीड-4)
पुलिस के अनुसार दंतेवाड़ा जिले के चिंतलनार इलाके में नक्सलियों ने सीआरपीएफ के सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाकर कई विस्फोट किए और फिर गोलीबारी शुरू कर दी।
दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक अमरेश मिश्रा ने कहा कि नक्सली हमले में शहीद 72 सुरक्षाकर्मी सीआरपीएफ के 62वीं बटालियन के थे जबकि एक राज्य पुलिस का अधिकारी था।
पुलिस महानिदेशक विश्व रंजन ने आईएएनएस से कहा कि बड़ी संख्या में सशस्त्र नक्सलियों ने सीआरपीएफ दल पर हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि यह हमला सुनियोजित प्रतीत होता है।
दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री पी.चिदंबरम ने नक्सली हमले को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की वहशी प्रवृति और क्रूरता का परिचायक बताया है। उन्होंने कहा कि इससे पता चलता है कि नक्सली किस हद तक हिंसा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं और वह उनकी रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
चिदंबरम ने कहा, "कुछ बहुत गलत हो गया। जवान नक्सलियों द्वारा बिछाए जाल में फंस गए। मैं स्तब्ध हूं।"
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने हमले को कायरता पूर्ण कृत्य करार दिया। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक आपात बैठक की। राज्य के गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने कहा कि खुफिया विफलता की वजह से नक्सली हमला हुआ।
घटनास्थल से घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए बस्तर जिला मुख्यालय से एक हेलीकॉप्टर भेजा गया है। इसके अलावा राज्य पुलिस बल के एक दस्ते को भी मौके पर रवाना कर दिया गया है।
छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में बीजापुर, कांकेर, नारायणपुर, बस्तर और दंतेवाड़ा जिला शामिल है। इन जिलों में नक्सली सबसे अधिक सक्रिय है। यहां नक्सली हमले में वर्ष 2005 से अबतक 16,00 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications