रणथम्भौर में घायल मिली 3 वर्षीय बाघिन
जयपुर। अपने क्षेत्र की रक्षा के लिए अन्य बाघों के साथ हुए संघर्ष में राजस्थान के रणथम्भौर राष्ट्रीय उद्यान में एक तीन वर्षीय बाघिन बुरी तरह से घायल अवस्था में मिली है। एक वन अधिकारी ने मंगलवार को बताया, "शुरुआती जांच से पता चलता है कि बाघिन का क्षेत्र रक्षण के लिए दूसरे बाघ या बाघिन से संघर्ष हुआ।"
अधिकारी ने बताया कि बाघिन को पूरी चिकित्सा दी जा रही है। यहां से 175 किलोमीटर दूर स्थित रणथम्भौर राष्ट्रीय उद्यान में बाघों की आबादी बढ़ने के साथ अपने-अपने क्षेत्र की रक्षा को लेकर उनके बीच संघर्ष की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।
राज्य वन विभाग द्वारा 2009 में की गई एक गणना के मुताबिक रणथम्भौर राष्ट्रीय उद्यान और सवाई माधोपुर वन्यजीव अभ्यारण्य में उस समय 40 बाघ थे। तीस अप्रैल से 10 मई के बीच हुई गणना से पता चला था कि वहां 14 बाघ, 16 बाघिनें और 10 शावक थे। रणथम्भौर राष्ट्रीय उद्यान सवाई माधोपुर जिले में करीब 400 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला है। वर्ष 2008 में भी क्षेत्र रक्षण के संघर्ष का ऐसा ही एक मामला सामने आया था। उस समय राष्ट्रीय उद्यान में एक आठ वर्षीय बाघिन मृत मिली थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।













Click it and Unblock the Notifications