पाक को एफ-16 की बिक्री रोकने में जुटा भारतीय समूह
नई दिल्ली, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय मूल के प्रमुख अमेरिकी नागरिकों का एक समूह अग्रणी चिकित्सक सुधीर पारिख के नेतृत्व में अमेरिका द्वारा पाकिस्तान को एफ-16 विमानों की प्रस्तावित बिक्री रोकने के लिए प्रयासरत है।
राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील से पद्मश्री ग्रहण करने भारत आए न्यूजर्सी स्थित दमा और एलर्जी रोग विशेषज्ञ तथा प्रकाशक पारिख ने कहा, "पाकिस्तान को एफ-16 विमानों को बेचने पर हमारा विरोध इसलिए है क्योंकि इससे दक्षिण एशिया में हथियारों की होड़ बढ़ेगी। यह अमेरिकी हितों के खिलाफ होगा और व्यापक परिदृश्य में इससे दुनिया को नुकसान होगा।"
अमेरिका में 28 क्लिनिक चलाने वाले पारिख ने आईएएनएस को एक साक्षात्कार में कहा, "हमारा मानना है कि अफगानिस्तान में अमेरिका के शांतिपूर्ण तरीके से बदलाव चाहने के बाद से भी पाकिस्तान को लड़ाकू विमानों की बिक्री उचित नहीं है, जहां वह भारत और पाकिस्तान दोनों को महत्वपूर्ण सहयोगी गिनता है।"
उन्होंने कहा कि भारत आज एक उभरती हुई बड़ी शक्ति है, एक महाशक्ति बनने की प्रक्रिया में है। निश्चय ही अमेरिका भारत को एक सहयोगी के रूप में देखता है और भारतीय जनता को परेशान नहीं करना चाहेगा।
पारिख ने कहा कि निश्चय ही इस तथ्य ने भारत-अमेरिका असैन्य परमाणु समझौते को संपन्न करने में भूमिका निभाई है।
पारिख ने कहा कि भारतीय दबाव समूह को अमेरिका की दोनों प्रमुख पार्टियों का समर्थन है। यह अमेरिकी कांग्रेस का सबसे बड़ा राष्ट्र अधारित दबाव समूह है जिसमें सीनेट और हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स के 172 सदस्य शामिल हैं।
भारतीय अमेरिकी राजनीतिक फोरम के सह संस्थापक और अमेरिका में चार भारतीय समाचार पत्रों के प्रकाशक पारिख ने कहा, "भारतीय दबाव समूह ने राष्ट्रपति बराक ओबामा के प्रशासन को परमाणु बम गिराने में सक्षम लड़ाकू विमानों की पाकिस्तान को बिक्री पर चेतावनी दी है।"
भारतीय दबाव समूह का मानना है कि लाकहीड मार्टिन कंपनी द्वारा बनाए गए इन विमानों को पाकिस्तान की आपूर्ति से भारत सरकार को साफ संदेश जाएगा कि अमेरिकी प्रशासन ने दक्षिण एशिया में अपनी रणनीतिक पसंद चुन ली है और वह पसंद पाकिस्तान है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications