हैदराबाद में दिन का कर्फ्यू हटा
हैदराबाद, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। हैदराबाद में दिन का कर्फ्यू हटा लिया गया। कर्फ्यू वाले इलाकों में सोमवार सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक ढील दी गई।
भारी सुरक्षा इंतजामों के बीच पुराने शहर में स्थिति अब सामान्य हो चली है। पुराने शहर में पिछले सप्ताह सांप्रदायिक हिंसा भड़कने के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया था। हिंसा में दो लोग मारे गए थे और 150 से अधिक घायल हो गए थे।
पुलिस आयुक्त ए. के. खान ने चेतावनी दी है कि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में कर्फ्यू दोबारा लगा दिया जाएगा। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि स्थिति के पूरी तरह सामान्य हो जाने तक रात का कर्फ्यू जारी रहेगा।
पुलिस के अनुसार पांच या इससे अधिक लोगों के एक स्थान पर एकत्र होने पर अभी पांबदी लगी रहेगी और नेताओं से कहा गया है कि वे हिंसा प्रभावित इलाकों का दौरा न करें। रात 11 बजे से सुबह छह बजे के बीच मोटरसाइकिल पर एक से अधिक लोगों के सवार होने पर भी प्रतिबंध लगा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications