शोएब ने कहा नहीं हुआ निकाह, आयशा ने मामला दर्ज कराया (राउंडअप)
कथित पहली शादी के बारे में पहली बार टिप्पणी करते हुए शोएब ने कहा कि उन्होंने यह सोचकर 'निकाहनामा' पर हस्ताक्षर किया था कि उनके पास जिस लड़की की तस्वीर थी, वह उसी के साथ शादी करने जा रहे थे।
उन्होंने हैदराबाद के प्रमुख काजी का बयान दोहराया जिसमें कहा गया था कि इस्लाम की शर्तो के पूरा न होने के कारण निकाह मान्य नहीं है।
शोएब ने सानिया मिर्जा के आवास पर मीडिया के सामने यह बयान जारी किया। वह सानिया के साथ 15 अप्रैल को शादी करने वाले हैं।
शोएब का दावा है कि उन्होंने या उनके जीजा ने हैदराबाद दौरे के दौरान आयशा से कभी मुलाकात नहीं की थी।
टेनिस स्टार सानिया मिर्जा के हैदराबाद स्थित घर में पिछले दो दिनों से रुके शोएब मलिक ने घर के बाहर इंतजार कर रहे पत्रकारों के सामने यह बयान जारी किया, लेकिन किसी भी सवाल का जवाब देने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि उनके वकील जवाब देंगे।
परेशान दिख रहे शोएब ने कहा कि सानिया को सच पता है और वह बहुत खुश है। निकाह की तैयारियां जोरों पर हैं और सानिया के साथ उनका निकाह तय तिथि 15 अप्रैल को ही होगा।
उन्होंने कहा, "मैं यहां सानिया के साथ निकाह करने आया हूं और हम खुश हैं।"
सानिया के टेनिस करियर के बारे में पूछे जाने पर शोएब ने कहा, "वह जब तक चाहे टेनिस खेले, मेरा परिवार उनका साथ देगा।"
शोएब ने दावा किया कि आयशा ने वर्ष 2001 में उनको उस समय फोन करना शुरू किया, जब वह शारजाह में पाकिस्तानी टीम के सदस्य थे।
बयान में उन्होंने कहा है, "स्वाभाविक तौर मैं उससे मिलना चाहता था। हर समय हम मिलने की बातें करते थे। उसने कई तस्वीरें भेजीं।"
शोएब ने कहा है कि उन्हें लगता था कि जिस लड़की की तस्वीर को वह देख रहे हैं, उसी लड़की के साथ वह बात भी कर रहे हैं, लेकिन सच यह है कि आज तक वह उस लड़की से नहीं मिल सके।
उन्होंने कहा है कि जब वह आयशा से मिलने 2002 में हैदराबाद आए तो उनसे कहा गया कि वह किसी जरूरी काम से सऊदी अरब चली गई है। "उसने मुझसे फोन पर कहा कि रेमा और उसकी बड़ी बहन मुझे हैदराबाद घुमाएंगी।"
इस बीच आंध्र प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व सचिव वी.चामुंडेश्वरनाथ सानिया के घर एक बार फिर पहुंचे। इस बात की अटकलें हैं कि वह शोएब और आयशा के परिवार के बीच मध्यस्थता का प्रयास कर रहे हैं।
बहरहाल, उन्होंने इन अटकलों से इंकार किया और कहा कि वह अपनी शुभकामनाएं देने गए थे क्योंकि वह सानिया को बचपन से जानते हैं।
इस बीच यह चर्चा जोरों पर है कि मलिक के कथित पूर्व विवाह को लेकर उपजे विवाद के मद्देनजर उनकी शादी तय तारीख से पहले हो सकती है।
शोएब शुक्रवार रात यहां पहुंचे थे। इस बीच सानिया के रिश्तेदारों व उनके करीबियों का शनिवार देर रात तक आना जाना लगा रहा।
सानिया के कुछ मित्रों ने यह स्वीकार किया है कि उनके घर में उत्सव सा माहौल है। कुछ टेलीविजन चैनलों ने सानिया और शोएब को एक साथ डांस करते दिखाया था।
इस बीच आयशा के परिजनों ने औपचारिक तौर पर तलाक के लिए कानूनी कार्रवाई आरंभ कर दी है। परिजनों ने रविवार को मलिक के खिलाफ पुलिस में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करा दी।
बंजारा हिल्स पुलिस चौकी में दर्ज शिकायत में आयशा ने यह भी आरोप लगाया कि शोएब ने उसे मुंह बंद रखने को कहा था। उन्होंने कहा कि बिना तलाक दिए वह टेनिस स्टार सानिया मिर्जा के साथ शादी रचाने जा रहे हैं।
आयशा के पिता एम. ए. सिद्दीकी की ओर से दर्ज शिकायत में शोएब पर उत्पीड़न का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने कहा कि किसी भी कार्रवाई से पहले वह मामले की जांच करेगी। हैदराबाद के सहायक पुलिस आयुक्त आर. रविंदर रेड्डी ने कहा, "हमें केवल शिकायत प्राप्त हुई है। कार्रवाई करने से पहले हम इसकी जांच करेंगे।"
आयशा ने भारतीय दंड संहिता की धारा 498 ए, 420 और 506 के तहत मामला दर्ज करवाया है।
आयशा ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तानी क्रिकेटर ने मुंह बंद रखने के लिए उसे 10 लाख डॉलर देने की पेशकश की थी। उसने यह भी कहा है कि मीडिया से बातचीत करने पर उन्होंने धमकी दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications