ब्लेयर का नाश्ता जला, बज उठा स्मोक अलार्म
लंदन, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर के आलीशान आवास के स्मोक अलार्म उस समय बज उठे जब वहां नाश्ता तैयार किया जा रहा था।
समाचार पत्र 'द टेलीग्राफ' के मुताबिक शनिवार सुबह नाश्ता जलने से उठे धुएं से ब्लेयर के बकिंघमशायर स्थित 60 लाख पाउंड के आवास के स्वचालित स्मोक अलार्म बज उठे और तुरंत ही आग पर काबू पाने के लिए तीन दमकल गाड़ियां वहां पहुंच गईं।
रसोई से निकला धुआं सात शयन-कक्षों वाले घर के सभी कमरों में फैल गया।
दमकल विभाग के कर्मचारी स्वचालित अलार्म प्रणाली से सचेत हो वहां पहुंच गए लेकिन आग का नामों निशां न था।
ब्लेयर के घर की सुरक्षा का दायित्व संभालने वाली सुरक्षा फर्म ने ऑटोमेटिक फायर अलार्म लगा रखे हैं जो सुबह 9.30 बज उठे।
जब अलार्म बजा उस समय उनके घर में नाश्ता बनाया जा रहा था। ब्लेयर का घर ग्रेड-1 सूची की इमारतों में शामिल है। यही वजह है कि उनके घर का स्वचालित स्मोक अलार्म स्थानीय अग्निशमन कार्यालय से जुड़ा हुआ है इसलिए अलार्म बजते ही दमकल कर्मचारी तुरंत हरकत में आ गए थे।
ब्लेयर के एक प्रवक्ता ने बताया कि नाश्ता जलने से धुआं उठा था लेकिन जब तक ब्लेयर की पत्नी दमकल विभाग को फोन कर वहां आने से मना करतीं तब तक वे वहां पहुंच चुके थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications