रिकॉर्ड बनाएंगी महिला अंतरिक्ष यात्री
लंदन, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। अंतरिक्ष में पहली बार एक ही समय में चार महिला अंतरिक्ष यात्री एक साथ मौजूद होंगी।
वेबसाइट 'डेलीमेल डॉट को डॉट यूके' के मुताबिक इस सप्ताह नासा तीन महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर भेजेगा। वहां वे एक रूसी यान में मौजूद एक अन्य महिला अंतरिक्ष यात्री से मिलेंगी। अंतरिक्ष में पहली बार एक साथ इतनी महिलाएं उपस्थित होंगी।
अमेरिका की डोरोथी मेटकाल्फ-लिंडेनबर्गर और स्टीफेनी विल्सन व जापान की अंतरिक्ष यात्री नाओको यामाजाकी को डिस्कवरी के सात सदस्यीय चालक दल के साथ सोमवार को अंतरिक्ष में भेजा जाएगा।
अंतरिक्ष यात्रियों में से 43 वर्षीय विल्सन उम्मीद करती हैं कि अंतरिक्ष में महिलाओं की संख्या बढ़ेगी।
विल्सन वर्ष 2006 में अंतरिक्ष में जाने वाली दूसरी अश्वेत महिला थीं। चालक दल के सदस्य अंतरिक्ष में 13 दिन बिताएंगे। यामाजाकी अंतरिक्ष यात्रा करने वाली दूसरी जापानी महिला होंगी।
ये महिलाएं अंतरिक्ष में पहले से मौजूद अमेरिकी यात्री ट्रेसी क्लेडवेल डाइसन से मिलेंगी। डाइसन, दो रूसी पुरुष अंतरिक्ष यात्रियों के साथ शुक्रवार को कजाकिस्तान से प्रक्षेपित सोयुज रॉकेट से अंतरिक्ष में पहुंची थीं।
डाइसन रविवार को अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंची और वह छह महीने तक वहां रहेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications