मप्र में मंत्री की नहीं सुनते पुलिस अधिकारी !
कुशवाहा ने सोमवार को अपने आवास पर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि उनके गृह जिले ग्वालियर के पुलिस अधिकारी ही उनकी बातों को महत्व नहीं देते हैं। अधिकारी उनकी बात सुन तो लेते हैं, मगर कोई कार्रवाई नहीं करते।
कानून व्यवस्था का हवाला देकर उनके आवास के सामने पिछले दिनों कांग्रेस द्वारा धरना देने की घटना से कुशवाहा सबसे ज्यादा खफा हैं। उनका कहना है कि किसी के घर के सामने किसी राजनीतिक दल के धरना देने से पहले प्रशासन से अनुमति लेनी होती है। इसके बावजूद कांग्रेस ने उनके घर के सामने 32 घंटे का धरना दिया और पुलिस व प्रशासन ने धरना देने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उन्हें लगता है कि प्रशासन ने कांग्रेस के लोगों की मदद की है।
कुशवाहा के तेवर तीखे हैं और उन्होंने अपने घर के सामने धरना देने के जवाब में केंद्रीय राज्यमंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के आवास के सामने 48 घंटे तक धरने पर बैठने का ऐलान किया है।
उनके इस प्रयास में किसी ने दखलंदाजी की तो वे इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। अगर कानूनी बाध्यता आगे आई तो वे मंत्रिपद से इस्तीफा देने से भी गुरेज नहीं करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications