पाकिस्तान में बम हमलों में 43 मरे (लीड-4)
पश्चिमोत्तर सीमा प्रांत में सत्तारूढ़ अवामी नेशनल पार्टी (एएनपी) की एक रैली में सोमवार को हुए शक्तिशाली विस्फोट में कम से कम 36 लोग मारे गए और 100 से अधिक घायल हो गए। वहीं पेशावर में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास को निशाना बनाकर किए गए तीन बम विस्फोटों में तीन विदेशियों सहित कम से कम सात लोग मारे गए।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत का नाम बदलकर खबर-पख्तूनख्वा करने पर निचले दीर जिले के तिमारगढ़ में आयोजित 'आभार रैली' में करीब 800 स्थानीय कार्यकर्ता शामिल हुए थे।
भीड़ भरे बाजार में रैली में हुए विस्फोट की निंदा करते हुए एएनपी के प्रवक्ता सीनेटर जाहिद खान ने कहा कि यह आत्मघाती हमला था। क्षेत्र के सभी अस्पतालों में आपात स्थिति घोषित कर दी गई है।
राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने घायलों को तुरंत राहत मुहैया कराने का आदेश दिया है।
प्रांत के सूचना मंत्री मियां इफ्तिखार हुसैन ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सबसे आगे रहने के कारण एएनपी को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों के सफाए तक एएनपी लड़ाई जारी रखेगी।
अभी तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है लेकिन एएनपी नेताओं ने हमले के लिए तालिबान को जिम्मेदार ठहराया है। तालिबान आतंकवादी सैन्य कार्रवाई का समर्थन करने वाले एएनपी नेताओं को निशाना बनाते रहे हैं।
राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के साथ मिलकर एएनपी पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत में गठबंधन सरकार का नेतृत्व कर रही है।
अधिकारियों ने कहा कि घायलों को पेशावर और अन्य शहरों के अस्पतालों में भेजा गया है। चिकित्सकों का कहना है कि कई घायलों की स्थिति चिंताजनक है और मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
उधर, आत्मघाती हमलावरों के एक समूह ने अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर हमला किया और दो पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों, एक पुलिसकर्मी, एक नागरिक और तीन विदेशियों को मार दिया। मारे गए विदेशियों की नागरिकता की पुष्टि नहीं हो पाई है।
सूत्रों ने कहा कि दूतावास की सुरक्षा में लगे एक अमेरिकी सुरक्षा कंपनी के कम से कम चार अन्य सुरक्षकर्मी भी घायल हुए हैं।
आतंकवादी संगठन तहरीक-ए-तालिबान-ए-पाकिस्तान (टीटीपी) ने हमले की जिम्मेदारी ली है और कहा है कि वे ऐसे और हमले करेंगे।
दो कारों से वाणिज्य दूतावास के मुख्य द्वार तक पहुंचे हमलावरों ने दूतावास परिसर पर दो रॉकेट दागे और स्वचालित हथियारों से गोलीबारी करने के साथ ही विस्फोटकों से लदे अपने वाहनों को उड़ा दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमले में दूतावास की इमारत को भारी नुकसान पहुंचा।
इस्लामाबाद में अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर हमला हुआ है लेकिन इस बारे में अभी तक पूरी जानकारी नहीं मिली है।
पश्चिमोत्तर सीमा प्रांत के वरिष्ठ मंत्री बशीर बिलौर ने कहा कि हमले में एक पुलिसकर्मी और फ्रंटियर कांस्टेबलरी का एक जवान मारा गया। चार हमलावरों के शव भी बरामद हो गए हैं। उन्होंने कहा कि दो आत्मघाती जैकेट भी बरामद हुईं हैं।
सेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि दो अन्य हमलावर भी मारे जा चुके हैं और पूरे इलाके को सुरक्षित कर लिया गया है।
चिकित्सकों ने कहा कि 11 घायलों को लेडी रीडिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य कई घायलों को सेना अस्पताल में भर्ती किया गया है। पत्रकारों को सेना अस्पताल में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications