कांग्रेसी धर्मनिरपेक्षता से मिल रही आतंकवादियों को मदद : भाजपा
भाजपा अध्यक्ष नितिन गड़करी ने यहां एक जनसभा में कहा, "कांग्रेस की रुचि केवल अल्पसंख्यकों के तुष्टीकरण में है और उसकी धर्मनिरपेक्षता के नारे से केवल आतंकवादियों को मदद मिल रही है। कांग्रेस पार्टी और कुछ नहीं बल्कि चुनाव जीतने के लिए वोट बैंक की राजनीति करने के लिए ऐसा कर रही है।"
गड़करी ने कहा कि भाजपा अल्पसंख्यकों के खिलाफ नहीं है।
उन्होंने कहा, "हम अल्पसंख्यकों के खिलाफ नहीं हैं और हमारी पार्टी को सांप्रदायिक कहना गलत है। हम भारत को अपनी मातृभूमि मानने वाले प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान करते हैं फिर चाहे वह व्यक्ति मस्जिद, मंदिर, गिरजाघर जाता हो या किसी अन्य धार्मिक स्थल पर जाता हो।"
भाजपा अध्यक्ष ने असम और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में बांग्लादेशी नागरिकों की कथित घुसपैठ की आलोचना की।
भाजपा नेता ने कहा, "यह कहा जाता है एक समय में जो पार्टियां विदेशियों के मुद्दे पर बहुत मुखर थीं वह अब खामोश बैठी हैं लेकिन चुनाव हारने के डर से ऐसा नहीं है।"
असम की मुख्य विपक्षी पार्टी असम गण परिषद (अगप) की ओर इशारा करते हुए गडकरी ने कहा, "हम बांग्लादेशी नागरिकों की घुसपैठ के मुद्दे पर समझौता करने के लिए तैयार नहीं हैं फिर चाहें हम चुनाव में हारें या जीतें।"
वर्ष 2009 में संसदीय चुनावों के दौरान भाजपा और अगप के बीच समझौता हुआ था लेकिन हाल के महीनों में अगप ने भाजपा से दूरी बना ली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications