जहरीली शराब मामले की जांच के आदेश
अब तक घटना के संबंध में चार लोगोंे को गिरफ्तार किया गया है। लापरवाही बरतने के आरोप में पांच आबकारी कर्मचारियों और तीन पुलिस अधिकारियों को निलंबित किया जा चुका है।
जहरीली शराब पीने की वजह से गंभीर रूप से बीमार 15 लोगों का इलाज भदोही और वाराणसी के जिला अस्पतालों में चल रहा है, जहां छह की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
वाराणसी के पुलिस उपमहानिरीक्षक डी. के. ठाकुर ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा कि पूरे मामले की मजिस्ट्रेट से जांच कराई जा रही है, जिन अधिकारियों ने कच्ची शराब के कारोबारियों की मदद की है जांच के बाद उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
उधर, भदोही के पुलिस अधीक्षक जनेश्वर तिवारी ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि प्रारंभिक जांच में पुलिस की लापरवाही सामने आई है। उन्होंने कहा कि इस मामले में जिले के चौरा थाना प्रभारी सुधीर कुमार आर्या और चौकी प्रभारी सुरेश राय को निलंबित कर दिया गया है।
इधर वाराणसी के कुपसेठी थाना प्रभारी मनोज सिंह को भी निलंबित कर दिया गया है।
गौरतलब है कि भदोही जिले के चौरा थाना क्षेत्र के दानुपट्टी और जगन्नाथपुर गांव में जहरीली शराब पीने से रविवार को पांच लोगों की मौत हुई थी, जबकि अन्य तीन की मौत वाराणसी जिले के कुपसेठी गांव में हुई थी। दोनों जिलों के ये इलाके आस-पास हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications