खाड़ी महोत्सव में भारतीय वृत्तचित्र नामांकित
दुबई, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में रहने वाली एक भारतीय फिल्मकार का बनाया वृत्तचित्र खाड़ी फिल्म महोत्सव (जीएफएफ) में एक शीर्ष सम्मान के लिए सात अन्य वृत्तचित्रों के साथ नामांकित हुआ है। महोत्सव आठ से 14 अप्रैल तक चलेगा।
डब्ल्यूएएम न्यूज एजेंसी के मुताबिक सोनिया कृपलानी का बनाया वृत्तचित्र 'दुबई-द फेबरिक ऑफ फेथ' अमीरात की महिलाओं के पर्दे से जुड़ी गलतफहमियों को दूर करने के संघर्ष की कहानी है। महोत्सव में नामांकन के लिए संयुक्त अरब अमीरात, इराक और कुवैत से फिल्में आई थीं।
महोत्सव के निदेशक मसूद अमराल्ला अल अली ने कहा, "खाड़ी फिल्म महोत्सव वृत्तचित्र प्रतियोगिता के जरिए प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर रहा है। इस प्रयास को दुनियाभर के फिल्मकारों की मजबूत प्रतिक्रिया मिल रही है।"
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में चुनी गई सभी आठ फिल्मों के विषय अलग-अलग हैं और इनसे फिल्म माध्यम में युवा फिल्मकारों की विशेषज्ञता का पता चलेगा।
तीसरे खाड़ी फिल्म महोत्सव में आधिकारिक प्रतियोगिता श्रेणी के तहत फीचर, लघु फिल्म और वृत्तचित्र उप-श्रेणी में विजेता चुने जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications