पुरुषों में 60 की उम्र में सबसे ज्यादा आत्मविश्वास
लंदन, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। पुरुषों में सबसे ज्यादा आत्मविश्वास सेवानिवृत्ति की उम्र में रहता है।
हाल ही में हुए एक शोध में पता चला है कि वयस्क युवाओं में आत्मविश्वास सबसे कम होता है लेकिन उम्र बढ़ने के साथ इसमें भी इजाफा होता रहता है और 60 की उम्र में यह अपने चरम पर होता है।
शोधकर्ताओं का कहना है कि सेवानिवृत्ति और स्वास्थ्य में गिरावट के चलते हालांकि बाद में इसमें गिरावट आने लगती है।
इस अध्ययन में वर्ष 1986 से 2002 के बीच 25 साल से 104 साल के 3,617 अमेरिकी पुरुषों और महिलाओं का शामिल किया गया। इस अवधि में इन लोगों के आत्मविश्वास में बदलाव का अध्ययन किया गया।
अध्ययन में पाया गया कि पुरुषों की तुलना में महिलाएं कम आत्मविश्वासी होती हैं। जब वे 80 या 90 की उम्र में पहुंचने लगती हैं तो जरूर उनके आत्मविश्वास में वृद्धि होने लगती है।
शोधकर्ताओं ने यह भी बताया कि शिक्षा, आय, स्वास्थ्य और रोजगार की स्थिति का आत्मविश्वास पर काफी असर पड़ता है। जिन लोगों में ये चीजें बेहतर होती हैं उनका आत्मविश्वास का स्तर भी ऊंचा होता है।
इसके अलावा बेहतर वैवाहिक जिंदगी से भी आत्मविश्वास ऊंचा रहता है।
इस अध्ययन की अगुवाई करने वाले उलरिच ओर्थ ने कहा, "हमने पाया कि जिन लोगों की आय अच्छी होती है और उनका स्वास्थ्य बेहतर रहता है उन लोगों में उम्र बढ़ने के साथ आत्मविश्वास का स्तर उच्च बना रहता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications