पार्टियों के बीच टकराव रुकना चाहिए : चिदंबरम
लालगढ़ (पश्चिम बंगाल), 4 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री पी.चिदंबरम ने रविवार को कहा कि उन्होंने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बुद्धदेब भट्टाचार्य से राजनीतिक दलों के बीच टकराव रोकने को कहा है, अन्यथा यह कानून और व्यवस्था की समस्या का संकेत होगा।
चिदंबरम ने पश्चिमी मिदनापुर जिले के नक्सल प्रभावित इलाके में संवाददाताओं से कहा, "पार्टियों के बीच टकराव समाप्त करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। इस मामले में धारणाएं भिन्न हो सकती हैं। मैंने अपने विचार से मुख्यमंत्री को अवगत करा दिया है और कड़े उपाय करने को कहा जिससे पश्चिम बंगाल में कानून और व्यवस्था की स्थिति कायम रहे।"
दोनों ने कोलकाता में शनिवार को करीब 40 मिनट तक बैठक की थी।
राज्य की प्रमुख विपक्षी दल और केंद्र की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार की दूसरी सबसे बड़ी भागीदार तृणमूल कांग्रेस के पश्चिम बंगाल में कानून और व्यवस्था की खराब हालत और सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के सदस्यों के अत्याचारों की निरंतर शिकायत की पृष्ठभूमि में चिदंबरम का यह बयान सामने आया है।
चिदंबरम ने कहा कि मुख्यमंत्री को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि इस तरह के मामलों से जिला पुलिस अधिकारी या संबधित जिम्मेदारी अधिकारी मौके पर ही निपटें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications