उड़ीसा में नक्सलियों ने पुलिस वाहन उड़ाया, 10 सुरक्षाकर्मी शहीद (लीड-2)
भुवनेश्वर, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। उड़ीसा के कोरापुट जिले में रविवार को नक्सलियों ने बारूदी सुरंग से पुलिस की एक बस को निशाना बनाया जिससे कम से कम 10 सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए और तीन घायल हो गए।
पुलिस के उप महानिरीक्षक संजीब पांडा ने आईएएनएस को बताया कि नक्सलियों ने बायपारीगुडा कस्बे से 14 किलोमीटर दूर उस समय एक बारूदी सुरंग विस्फोट किया जब बड़ी संख्या विशेष अभियान समूह (एसओजी) के सुरक्षाकर्मी तीन वाहनों में सवार होकर वहां से गुजर रहे थे।
पांडा ने बताया, "नक्सलियों ने एक बस को विस्फोट से उड़ा दिया। वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। कम से कम 10 सुरक्षाकर्मियों के मृत्यु की पुष्टि हो चुकी है। मृतकों की संख्या में बढ़ सकती है।"
इस हमले में कम से कम तीन लोग घायल भी हुए हैं।
राज्य का आधे से अधिक हिस्सा नक्सल प्रभावित है। राजधानी भुवनेश्वर से करीब 500 किलोमीटर दूरी पर स्थित कोरापुट जिले को नक्सलियों का गढ़ माना जाता है।
नक्सलियों का दावा है कि वे गरीबों, वंचितों और समाज के उपेक्षित वर्गो के लिए लड़ रहे हैं और अक्सर जमींदारों और ठेकेदारों पर हमले करते हैं। नक्सली राज्य में पुलिस, सरकारी प्रतिष्ठानों और उद्योगों को लगातार निशाना बना रहे हैं।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2001 से 2009 के बीच नक्सली हमले में कम से कम 145 पुलिसकर्मी और 93 आम नागरिक मारे जा चुके हैं। दूसरी तरफ पुलिस कार्रवाई में इस दौरान केवल 61 नक्सली मारे गए हैं।
राज्य के उत्तरी, दक्षिणी और पश्चिमोत्तर हिस्सों में नक्सली गतिविधियां सरकार के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
इंडो-एशियन न्यूज सíवस।
*












Click it and Unblock the Notifications