उप्र में जहरीली शराब से 7 की मौत
पुलिस के अनुसार घटना रविवार को वाराणसी जिले की सीमा पर स्थित दानुपट्टी और जगन्नाथपुर गांवों में हुई, जो चौरी थाना क्षेत्र के अंर्तगत आता है। सभी पीड़ित श्रमिक तबके के बताए जा रहे हैं।
जिले के पुलिस अधीक्षक जनेश्वर तिवारी ने संवाददाताओं को बताया कि ग्रामीणों ने शनिवार शाम वाराणसी जिले के शिवराजपुर गांव में अवैध रूप से बिकने वाली कच्ची शराब पी। इसकी वजह से देर रात इनकी हालत बिगड़नी शुरू हो गई और सुबह पांच लोगों की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि एक अन्य गांव में भी दो व्यक्तियों की मौत की खबर है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वो वाराणसी जिले में आता है। इसकी भी पड़ताल की जा रही है। बीमारों का इलाज जिला अस्पाताल में चल रहा है, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।
तिवारी ने कहा कि घटना के बाद वाराणसी और भदोही जिले की पुलिस ने शिवराजपुर गांव में संयुक्त रूप से छापेमारी कर कच्ची शराब बरामद की। फिलहाल चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने बताया कि शराब के नमूनों को इकट्ठा कर जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों को इन मौतों की वजह कच्ची शराब में मिथाइल एल्कोहल की मिलावट से होने का अंदेशा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications