जम्मू एवं कश्मीर में 2 आतंकवादी ढेर (लीड-1)
श्रीनगर, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय सैनिकों की कार्रवाई में रविवार को जम्मू एवं कश्मीर में पाकिस्तान की ओर से घुसपैठ की कोशिश करने वाले दो आतंकवादी मारे गए।
सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल जे. एस. बरार ने यहां आईएएनएस को बताया, "कुपवाड़ा के नियंत्रण रेखा से लगे केरन सेक्टर में रविवार दो आतंकवादी चौकस सुरक्षा बलों की कार्रवाई में मारे गए। इस तरह सीमा पार से आतंकवादियों के घुसपैठ की एक और कोशिश नाकाम कर दी गई।"
उन्होंने कहा कि आतंकवादियों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है और इलाके में तलाशी अभियान जारी है।
सेना ने पिछले महीने के आखिर में इसी सेक्टर में आठ आतंकवादियों को मार गिराया था। इस दौरान आतंकवादियों और सेना के जवानों के बीच यहां तीन दिन तक गोलीबारी हुई थी।
खुफिया एजेंसियों ने सूचना दी है कि गर्मी के इस मौसम में जम्मू एवं कश्मीर में घुसपैठ के लिए सीमा पार करीब 400 आतंकवादी तैयार बैठे हैं। इस सूचना के बाद सेना और अन्य सुरक्षा बलों ने सतर्कता बढ़ा दी है।
घुसपैठ की कोशिशों को नाकाम करने के लिए सेना ने जम्मू क्षेत्र के राजौरी में 'खोज' नाम से एक अभियान चलाया है। इसके तहत सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच पिछले दिन हुई मुठभेड़ की घटनाओं में 14 आतंकवादी मारे जा चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications