शोएब-आयशा शादी के दस्तावेज जारी (लीड-1)
आयशा सिद्दीकी के परिजनों ने शुक्रवार की रात अपने निवास पर एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने शोएब पर अपनी बेटी को धोखा देने का आरोप लगाया। उन्होंने मांग की कि सानिया से शादी करने से पहले शोएब पहले उनकी बेटी को तलाक दे।
गुस्से से आगबबूला एम.ए. सिद्दीकी शोएब पर जमकर बरसे और उन्होंने आरोप लगाया कि वह भारतीय लड़कियों के साथ धोखेबाजी कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस्लामिक कानून के मुताबिक उसे पत्थर से मारने की सजा दी जानी चाहिए।
फारिसा सिद्दीकी ने कहा कि शोएब की धोखेबाजी की वजह से उनके पति की हालत गंभीर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि हम शोएब से कुछ भी नहीं मांग रहे हैं बस चाहते हैं कि वह मेरी बेटी को तलाक दे दे जिससे उसकी दोबारा शादी हो सके।
इस अवसर पर सिद्दीकी परिवार ने शादी के दस्तावेज के रूप में निकाहनामा की तस्वीरें भी जारी कीं। दस्तावेज पर शोएब और महा सिद्दीकी के हस्ताक्षर हैं। दावा किया जा रहा है कि आयशा सिद्दीकी का ही दूसरा नाम महा सिद्दीकी है।
आयशा की मां ने कहा कि वह शोएब से तलाक के लिए कानूनी कार्रवाई करेंगी।
इससे पहले आयशा ने एक समाचार चैनल के साथ बातचीत में शुक्रवार को कहा कि मोटी होने की वजह से शोएब उसे पसंद नहीं करते।
आयशा ने कहा कि उन्होंने अपना रंग-रूप संवारने के लिए कॉस्मेटिक सर्जरी भी कराई है।
समाचार चैनल 'टाइम्स नाऊ' से बातचीत में 23 वर्षीय आयशा ने दावा किया कि उसके पास दस्तावेज मौजूद हैं, जिससे साबित होता है कि वह शोएब की पहली पत्नी हैं।
फिलहाल शोएब ने आयशा को पत्नी मानने से साफ इंकार कर दिया है।
भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा से शादी करने से पहले आयशा ने शोएब से आधिकारिक तौर पर तलाक भी मांगा।
आयशा ने बताया, "मोटी होने की वजह से वह मुझे पसंद नहीं करते हैं।"
उन्होंने बताया कि वह अपना वजन कम करने और रंग-रूप सवांरने के लिए दिल्ली भी आईं थीं।
आयशा ने शोएब के परिजनों से अपील करते हुए कहा, "शोएब तो अपनी कामयाबी में अंधे हो गए हैं, लेकिन आप लोग क्या कर रहे हैं। आपको इसका जवाब देना होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications