लंबी दौड़ के बाद पीजिए चेरी का जूस
लंदन, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। मैराथन या लंबी दौड़ में अत्याधिक ऊर्जा खर्च करने वाले धावक दौड़ के बाद चेरी जूस पीकर अपनी खोई ऊर्जा वापस पा सकते हैं।
नए अध्ययन से पता चला है कि जो धावक दौड़ से पहले और बाद में चेरी जूस पीते हैं वे अन्य द्रव्य पीने वाले धावकों की अपेक्षा जल्दी बेहतर महसूस करते हैं।
वेबसाइट 'टेलीग्राफ डॉट को डॉट यूके' के मुताबिक ऐसा माना जा रहा है कि जूस में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट विटामिन एंथोसायनिंस शरीर को क्षति नहीं पहुंचने देता और जो क्षति होती है उसकी खुद ही मरम्मत भी कर देता है।
नॉरथुम्ब्रिया विश्वविद्यालय के 'स्कूल ऑफ साइकोलॉजी एंड स्पोर्ट्स साइंसेज' के प्रोफेसर ग्लीन होवाट्सन ने 20 धावकों पर चेरी के जूस का परीक्षण किया था।
धावकों में से कुछ ने दौड़ से पांच दिन पहले और दो दिन बाद तक दिन में दो बार चेरी का जूस पिया जबकि कुछ धावकों ने अन्य जूस लिये।
विशेषज्ञों ने पाया कि जिन धावकों ने चेरी का जूस लिया था, दौड़ के बाद 48 घंटों में ही उनकी ताकत तेजी से लौटने लगी थी।
होवाट्सन ने बताया कि लंबी दौड़ में धावकों की मांसपेशियां क्षतिग्रस्त हो जाती हैं और उनमें सूजन आ जाती है। मांसपेशियों को ठीक होने में काफी समय लगता है और इस दौरान धावक शारीरिक कार्य नहीं कर पाते।
उन्होंने बताया कि चेरी जूस में मिलने वाला एंथोसायनिंस विटामिन सूजन रोकता है और उसमें एंटीऑक्सीडेटिंग गुण होता है। इसलिए इससे धावक जल्दी स्वस्थ हो जाते हैं।
उन्होंने बताया कि आर्थराइटिस (जोड़ों की सूजन) जैसी बीमारियों के लिए भी यह जूस कारगर हो सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications